प्रीति तुम कहां हो: इन दिनों लोग प्रीति नाम की एक एयर होस्टेस को ढूंढ रहे हैं जो 2017 में एयर इंडिया में काम करती थी। आखिर सालों पुरानी ये कहानी अब जाकर क्यों वायरल हो रही है, चलिए जान लेते हैं।
Viral News: सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ ना कुछ अजीबगरीब वायरल होता रहता है जो तुरंत ही ट्रेंडिंग मुद्दा बन जाता है। इन दिनों लोग प्रीति नाम की एक एयर होस्टेस को ढूंढ रहे हैं जो 2017 में एयर इंडिया में काम करती थी। आखिर सालों पुरानी ये कहानी अब जाकर क्यों वायरल हो रही है, चलिए जान लेते हैं।
दरअसल, अदिति मित्तल नाम की एक कॉमेडियन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो 2017 की एक पुरानी कहानी सुना रही हैं। उनके पिता का निधन हो गया था जिसकी वजह से वो इमरजेंसी फ्लाइट लेकर लंदन से मुंबई वापस आ रही थीं।
प्रीति ने बांटा कॉमेडियन का दुख
अदिति ने अपने वीडियो में आगे बताया कि कैसे वो काफी उदास थीं और उनके आंसू थम ही नहीं रहे थे। उस एयर इंडिया की फ्लाइट में एक प्रीति नाम की एयर होस्टेस थी जो बिना कुछ मांगे ही अदिति को बेहतर महसूस कराने की कोशिश करने लगीं। कभी वो गर्म पानी दे जाती, तो कभी चाय या नींबू पानी।
कॉमेडियन ने बताया कि कैसे उन्हें रोता देख प्रीति ने उनसे कहा कि वो उनके साथ अपना दुख साझा कर सकती हैं, इससे उनका दिल हल्का हो जाएगा। उन्होंने आगे अदिति से कहा कि वो जब भी उनके पास से गुजरें, तो उन्हें अपने पिता के बारे में एक मजेदार कहानी सुनाएं। चूंकि अदिति अपने पिता के बारे में बात करने के लिए उत्सुक थीं, तो उन्होंने प्रीति को बताने के लिए एक डायरी में अपने पिता के मजेदार किस्से लिखने शुरू कर दिए।
अदिति ने ये सारे किस्से प्रीति को बताना शुरू कर दिया। कॉमेडियन ने अपने वीडियो में कहा कि कैसे इस एक्टिविटी से उनके दिल को वाकई सुकून और शांति मिली और उन्हें अपने दुख को कम करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि अब उनके पास अपने पिता की मजेदार कहानियों का एक लिखित रिकॉर्ड भी है। वो वीडियो में कहती हैं- ‘प्रीति तुम जहां भी हो, तुम्हारी दिवाली सबसे बढ़िया जाए’।
एयर इंडिया से प्रीति को ढूंढने की गुहार
उन्होंने अपने वीडियो में एयर होस्टेस और पूरे केबिन क्रू की मेहनत और लगन की भी तारीफ की और कहा कि वो ऊंचे आसमान में इतने प्रेशर में कितना काम करते हैं। अदिति ने अपने कैप्शन में लिखा- ‘हमें एयर होस्टेस का कुछ बड़ा नाम रखना चाहिए, जो उनके द्वारा किए गए काम को दर्शाता हो’।
अब वीडियो देखने के बाद लोगों ने उस प्रीति को तलाशना शुरू कर दिया। किसी ने लिखा- ‘प्रीति तो मेरे थेरेपिस्ट से बढ़िया है’ तो कोई एयर इंडिया को टैग करते हुए लिखता है- ‘प्लीज प्रीति को ढूंढ लो’। किसी ने लिखा- ‘प्रीति लौट आओ, हम सबको आपकी जरूरत है’।
