बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान ईवीएम की तस्वीरें खींचने और उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर करने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस घटना के संबंध में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि ये मामले आरा, गोपालगंज और सारण जिलों में दर्ज किए गए हैं, जहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ था।
अधिकारियों के अनुसार, गोपालगंज जिले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि आरा और सारण में एक-एक व्यक्ति पर केस रजिस्टर्ड हुआ है। चुनाव अधिकारियों और पुलिस विभागों ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्रों पर ईवीएम की तस्वीर लेना और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करना आदर्श आचार संहिता और चुनाव संबंधी नियमों का उल्लंघन है। यह न केवल गोपनीयता का हनन है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास भी माना जाता है।
पुलिस विभागों ने अपने-अपने बयान में बताया कि यह जांच की जा रही है कि संबंधित लोग मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन लेकर कैसे पहुंचे। आम तौर पर मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होती, ताकि मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता बरकरार रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मतदान कर्मियों या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई।
वहीं, चुनाव आयोग (ईसी) की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि आयोग ने अभी तक पुरुष और महिला मतदाताओं का अनुपात जारी नहीं किया है। इस बार पहले चरण का मतदान 6 नवंबर 2025 को 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर कराया गया। पिछली बार यानी 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में औसत मतदान 57.29 प्रतिशत रहा था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में यह आंकड़ा 56.28 प्रतिशत था। इस लिहाज से इस बार मतदान में अच्छी भागीदारी देखी गई।
पहले चरण में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। 23 सीटों पर भाजपा और राजद के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। सीवान में भाजपा के मंगल पांडे का मुकाबला राजद के अवध बिहारी चौधरी से है, जबकि तारापुर में भाजपा के विजय कुमार सिन्हा का सामना राजद के अरुण कुमार से है। राघोपुर सीट से राजद नेता तेजस्वी यादव तीसरी बार मैदान में हैं।
वहीं, जेडीयू और आरजेडी के बीच 33 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि करीब 10 सीटों पर जेडीयू और कांग्रेस आमने-सामने हैं। एनडीए के छोटे सहयोगियों ने भी 30 से अधिक सीटों पर आरजेडी गठबंधन के खिलाफ अपने प्रत्याशी उतारे हैं। पहले चरण में करीब 3.75 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र थे। शेष 122 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
